हावड़ा में ट्रेन से गिरकर चांडिल के युवक की मौत, सदमे में डूबा गांव

चांडिल, 21 जुलाई : पश्चिम बंगाल के हावड़ा जंक्शन स्टेशन के करीब ट्रेन से गिरकर चांडिल प्रखंड क्षेत्र के रहने वाले एक युवक की मृत्यु हो गई। मृतक विभक्ति अपने अन्य साथियों के साथ पवित्र श्रावण माह में जलार्पण करने के लिए तारकेश्वर धाम जा रहा था। सभी श्रद्धालु सेवड़ापुली से पवित्र जल उठाकर तारकेश्वर धाम की यात्रा पर निकलने वाले थे। हावड़ा जंक्शन स्टेशन से सेवड़ापुली के लिए सभी लोकल ट्रेन से जा रहे थे, इसी दौरान युवक ट्रेन से गिर गया, जिसके कारण मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। मृतक युवक चांडिल प्रखंड के तामोलिया के रहने वाले मनोज महतो है। सोमवार को रेलवे पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और उसके साथियों को सौंप दिया। सोमवार की देर रात उसके साथ गए अन्य श्रद्धालु शव लेकर तमोलिया पहुंचे और शव को ब्रह्मानंद अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिया। मनोज महतो की मृत्यु की खबर मिलते ही तामोलिया में शोक की लहर दौड़ गई। उसके साथ गए सभी साथी सदमे में हैं। मृतक के निकट सहयोगियों ने बताया कि मंगलवार को उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।



