सुदेश महतो को भेजा त्यागपत्र, 2019 और 2024 में रहे थे ईचागढ़ से पार्टी प्रत्याशी – अगले राजनीतिक कदम पर नजर
चांडिल, 26 सितंबर : आजसू पार्टी के भीतर चल रही राजनीतिक अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव और ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से 2019 एवं 2024 के प्रत्याशी रहे हरेलाल महतो ने आजसू पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो को अपना त्यागपत्र भेज दिया है।
हरेलाल महतो के इस्तीफे के साथ ही पिछले कुछ समय से उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं को भी नई दिशा मिल गई है। हालांकि, उन्होंने अपने त्यागपत्र में पार्टी छोड़ने के पीछे वर्तमान परिस्थितियों और निजी कारणों का हवाला दिया है। इस्तीफे के विस्तृत राजनीतिक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं।
हरेलाल महतो वर्ष 2019 और 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव में आजसू पार्टी के टिकट पर ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं। पार्टी संगठन में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। 2019 के बाद डुमरी, रामगढ़ और घाटशिला समेत विभिन्न विधानसभा उपचुनावों में आजसू पार्टी की ओर से उन्हें प्रभारी एवं सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के बाघमुंडी विधानसभा क्षेत्र में भी उन्होंने पार्टी के चुनाव प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी निभाई। वहीं, ओड़िशा के पंचायत चुनाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
पार्टी के केंद्रीय महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहने वाले हरेलाल महतो का इस्तीफा आजसू के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर है। क्या वह किसी दूसरे राजनीतिक दल का दामन थामेंगे, अपनी अलग राजनीतिक राह चुनेंगे या सक्रिय राजनीति से दूरी बनाएंगे – इसको लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
आने वाले दिनों में हरेलाल महतो के अगले कदम पर झारखंड की राजनीति, खासकर ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों की नजर रहेगी।



