Breaking news : आवास योजना लाभुकों को 1,200 रुपये में बालू उपलब्ध, पुरुलिया पुलिस की निगरानी में वितरण
पुरुलिया, 01 अक्टूबर : जिले में आवास योजना के लाभुकों को निर्धारित दर पर बालू उपलब्ध कराने के लिए जिला पुलिस और सिविल प्रशासन ने संयुक्त व्यवस्था की है। विभिन्न स्थानों पर कानूनी रूप से बालू का भंडारण कर लाभुकों को ₹1,200 प्रति 100 सीएफटी की दर से बालू उपलब्ध कराया जा रहा है।
बालू की अवैध जमाखोरी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में पुरुलिया पुलिस ने तीन दिनों में एक लाख सीएफटी से अधिक अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया। जब्त बालू को नीलामी के लिए भूमि विभाग को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने सभी बालू भंडारण एवं वितरण केंद्रों पर जवानों की तैनाती की है। अधिकारियों के अनुसार, वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए केंद्रों पर लगातार निगरानी की जा रही है।
इस बीच, आवास योजना के कुछ स्थानीय लाभुकों के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें उन्होंने ₹1,200 की निर्धारित दर पर बालू मिलने और वितरण व्यवस्था को लेकर अपने अनुभव साझा किए हैं।



