मानगो में रामनवमी उत्सव की धूम, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कई कार्यक्रमों में की शिरकत

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

 

 

जमशेदपुर, 27 मार्च : रामनवमी के पावन अवसर पर मानगो एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता एवं मानगो की मेयर सुधा गुप्ता ने विभिन्न रामनवमी उत्सव कार्यक्रमों में भाग लेकर श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना की और शुभकामनाएं दीं।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कदमा भाटिया बस्ती, गोस्वामी पथ स्थित पुष्पांजलि अखाड़ा, मानगो कलिका नगर के श्री श्री काशी नर्मदेश्वर शिव मंदिर में आयोजित रामायण पाठ, राजेन्द्र नगर डिमना रोड पर रामनवमी उत्सव सह झांकी, दाईगुट्ठ शिव मंदिर, हिलव्यू कॉलोनी डिमना चौक स्थित श्री महावीर बजरंग अखाड़ा भजन संध्या एवं सम्मान समारोह, मानगो पुल स्थित बबुआ सिंह अखाड़ा, डिमना बस्ती, झारखंड कॉलोनी, रोड नंबर-14 जवाहरनगर त्रिवेदी अखाड़ा सहित कई स्थानों पर पहुंचकर कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
इन कार्यक्रमों के दौरान अखाड़ा समितियों के सदस्यों ने उन्हें पगड़ी पहनाकर एवं तलवार भेंट कर सम्मानित किया।

इस मौके पर बन्ना गुप्ता ने कहा कि भगवान श्रीराम मर्यादा, सत्य और धर्म के प्रतीक हैं, जिनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि रामनवमी का यह पावन पर्व हमें सिखाता है कि सत्य के मार्ग पर चलते हुए धैर्य और त्याग के साथ हर कठिनाई को पार किया जा सकता है।

उन्होंने सभी राम भक्तों एवं श्रद्धालुओं को रामनवमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और समाज में सुख, शांति, समृद्धि, प्रेम, भाईचारा एवं नैतिक मूल्यों की स्थापना हो।

पूरे क्षेत्र में भजन-कीर्तन, झांकियों और धार्मिक आयोजनों के साथ रामनवमी का उत्सव भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। जय श्री राम!

Share This Article