

रांची, 03 जुलाई : रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ ने जमशेदपुर में होटल के बाहर हुई हिमांशु सिंह की निर्मम हत्या पर गहरा दुःख और चिंता जताते हुए मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में हुई यह घटना राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाती, तो संभवतः इस दुखद घटना को टाला जा सकता था।
संजय सेठ ने कहा कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपितों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए, ताकि समाज में कानून का भय बना रहे और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि इस घटना की आड़ में किसी भी निर्दोष व्यक्ति को फंसाने या प्रताड़ित करने का प्रयास नहीं होना चाहिए। न्याय का मूल सिद्धांत यही है कि दोषी को दंड मिले, लेकिन किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो। यदि ऐसा होता है तो इससे समाज, विशेषकर व्यापारिक समुदाय का कानून-व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होगा।
रक्षा राज्य मंत्री ने मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, जिन पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में यह घटना हुई, उनकी भूमिका एवं संभावित लापरवाही की भी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने राज्य सरकार से दिवंगत हिमांशु सिंह के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देकर परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
संजय सेठ ने कहा कि कानून का शासन तभी प्रभावी माना जाएगा, जब अपराधियों को सख्त सजा मिले, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई हो और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न होने दिया जाए।


























