
ईचागढ़, 27 मार्च : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना रांगामाटी–सिल्ली मार्ग पर पिलीद गांव के समीप हुई।
मृतक की पहचान रांची जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र अंतर्गत जिलिंग सेरेंग निवासी सुखराम लोहारा के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुखराम लोहारा मोटरसाइकिल से ईचागढ़ की ओर आ रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से उसे पातकुम स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांचोपरांत मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। ईचागढ़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ-साथ फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।



