
जमशेदपुर में मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बीएलओ-बीएलए-2 की बैठक और चुनाव पाठशाला का लिया जायजा, शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के दिए निर्देश
जमशेदपुर, 04 नवंबर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन बुधवार को खुद मैदान में उतरे। उन्होंने जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बीएलओ और बीएलए-2 की पांचवीं बैठक के साथ चुनाव पाठशाला की गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त ने आस्था स्पेस टाउन स्थित बूथ संख्या 276 पर स्वयं विभिन्न प्रपत्रों की सुपर चेकिंग कर सत्यापन कार्यों की गुणवत्ता परखी।
उपायुक्त ने मदर्स होम पब्लिक स्कूल स्थित बूथ संख्या 411 एवं 412 तथा ओड़िया मध्य विद्यालय स्थित बूथ संख्या 222 एवं 223 का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ और राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय एजेंटों के बीच समन्वय, मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति तथा मतदाताओं को नोटिस और सत्यापन प्रक्रिया की दी जा रही जानकारी की समीक्षा की।
बूथ संख्या 222 एवं 223 पर होम टू रोल वेरिफिकेशन के तहत मतदाताओं के विवरण का मतदाता सूची से मिलान और सत्यापन कार्यों की भी जांच की गई। वहीं, बूथ संख्या 276 पर उपायुक्त ने प्रपत्रों में दर्ज सूचनाओं और संलग्न दस्तावेजों का मिलान कर त्रुटियों की पड़ताल की।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल रहे तथा अपात्र और दोहराव वाली प्रविष्टियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बीएलओ और बीएलए-2 के बीच बेहतर समन्वय बनाकर पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखी जाए।
उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है। सभी संबंधित पदाधिकारी निर्धारित समय-सीमा में पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य पूरा करें।
निरीक्षण के दौरान ईआरओ सह अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह समेत संबंधित बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित थे।



