दीपावली और छठ पूजा को लेकर चांडिल अनुमंडल मुख्यालय में हुई शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व सफाई पर जोर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 04 नवंबर : दीपावली एवं छठ पूजा शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को चांडिल अनुमंडल मुख्यालय सभागार में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता ने की।

बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पूजा एवं छठ घाट समितियों के सदस्यों तथा गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान चांडिल बाजार की गंदी नालियों की सफाई, कूड़ा-कचरा प्रबंधन और सड़क जाम की समस्या पर ठोस पहल करने की मांग उठाई गई।

अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए थाना प्रभारियों को ड्रंक एंड ड्राइव और रैश ड्राइविंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।

छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त रोशनी, पानी में बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। वहीं, दीपावली एवं छठ के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब और नशीले पदार्थों के सेवन, जुआ तथा अड्डेबाजी पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।

प्रशासन ने लोगों से भीड़भाड़ वाले इलाकों में पटाखे नहीं फोड़ने और छोटे बच्चों को पटाखे नहीं देने की अपील की। साथ ही अस्थायी दुकानदारों को सड़क किनारे अतिक्रमण कर पटाखे एवं खिलौनों की दुकान नहीं लगाने की हिदायत दी, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

Share This Article