चांडिल : शराब दुकान बंद करने की मांग को लेकर महिलाओं का विरोध प्रदर्शन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल : शराब दुकान बंद करने की मांग को लेकर महिलाओं का विरोध प्रदर्शन

चांडिल, 01 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत डैम रोड पर स्थित सरकारी शराब दुकान को बंद कराने की मांग को लेकर सोमवार को महिलाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। रुचाप पंचायत की सैकड़ों महिलाएं हाथों में तख्ती लिए नारेबाजी करती हुई सड़क पर उतरीं। “शराब दुकान बंद करो – समाज को बचाओ” जैसे नारे लगाकर महिलाओं ने दुकान बंद करने की मांग की।

महिलाओं का आरोप है कि शराब दुकान खुलने के बाद रात में लोग यहां से शराब खरीदकर आसपास में ही छिपकर शराब पीते हैं और खाली बोतलें फोड़ देते हैं। इससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बना रहता है। उन्होंने बताया कि शराबियों के जमावड़े के कारण महिलाओं और छोटे बच्चों को आवागमन में परेशानी होती है। कई बार राह चलती महिलाओं के साथ छेड़खानी की घटनाएं भी घट चुकी हैं।

दरअसल, राज्य सरकार ने 1 सितंबर से झारखंड की शराब दुकानों का संचालन एक बार फिर निजी एजेंसियों को सौंपा है। इसी क्रम में सोमवार सुबह जैसे ही चांडिल डैम रोड स्थित शराब दुकान खोली गई, वैसे ही आसपास की महिलाएं इकट्ठा होकर विरोध में उतर पड़ीं। महिलाओं के तीखे विरोध को देखते हुए दुकान संचालक ने तत्काल दुकान बंद कर दी और इसकी सूचना प्रशासन को दी।

अब देखना यह होगा कि महिलाओं के विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन शराब दुकान को स्थायी रूप से बंद करने का आदेश जारी करता है या फिर कोई वैकल्पिक कदम उठाता है।

Share This Article