25 लाख का इनामी माओवादी अजय महतो गिरफ्तार, सारंडा में IED नेटवर्क का मास्टरमाइंड दबोचा, नक्सली संगठन को बड़ा झटका
रांची/चाईबासा, 18 जुलाई : झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। वर्षों से सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बना भाकपा (माओवादी) का स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य अजय महतो उर्फ मोछु उर्फ अंजन दा समेत कई नामों से पहचान रखने वाला कुख्यात माओवादी गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार अजय महतो सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में माओवादियों के IED नेटवर्क का प्रमुख संचालक और कई बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड रहा है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक अजय महतो की भूमिका सुरक्षाबलों पर घात लगाकर हमले करने, जंगलों में IED बिछाने, हथियार और विस्फोटक उपलब्ध कराने तथा संगठन के कैडरों का संचालन करने में अहम रही है। उसके खिलाफ हत्या, पुलिस मुखबिरी के आरोप में ग्रामीणों की हत्या, IED विस्फोट, मुठभेड़, विस्फोटक लूट, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, यूएपीए, आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2020 से 2026 के बीच पश्चिमी सिंहभूम के गोईलकेरा, टोंटो, सारंडा और आसपास के इलाकों में हुए अधिकांश बड़े नक्सली हमलों में उसका नाम सामने आया। वर्ष 2023 और 2025 के दौरान हुए कई IED विस्फोटों और मुठभेड़ों में कई जवान शहीद हुए, जबकि दर्जनों सुरक्षाकर्मी घायल हुए। ग्रामीणों की हत्या, विस्फोटक भंडार लूट और सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की कई घटनाओं में भी उसकी संलिप्तता सामने आई।
पुलिस का मानना है कि अजय महतो की गिरफ्तारी से सारंडा, कोल्हान और गिरिडीह क्षेत्र में सक्रिय माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां उसके नेटवर्क, अन्य माओवादी सहयोगियों, हथियार आपूर्ति तंत्र और IED मॉड्यूल से जुड़े अहम सुराग जुटाने में लगी हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ से संगठन की गतिविधियों और भविष्य की रणनीति से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।