अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सरायकेला, 11 अक्टूबर : अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शनिवार को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत सदर अस्पताल, सरायकेला में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना तथा माताओं को बालिका देखभाल और पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करना था। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. सीपी सिंह एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर एवं अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग विभाग की टीम द्वारा माताओं को संतुलित आहार, टीकाकरण, किशोरावस्था में पोषण की आवश्यकता तथा एनीमिया से बचाव के विषय में जानकारी दी गई। बताया गया कि बालिकाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित पोषण और नियमित स्वास्थ्य जांच आवश्यक है।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने उपस्थित बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की तथा उन्हें परिवार कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रोत्साहित किया। बालिकाओं के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें उपहार सामग्री एवं पौधे दिए गए, जिससे पर्यावरण संरक्षण और पोषण जागरूकता का संदेश भी प्रसारित हुआ।
इस दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं के संरक्षण एवं विकास हेतु केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाए (प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण अभियान एवं बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, आदि का संचालन किया जा रहा है। योजनाओं के लाभ सभी पात्र परिवारों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।



