शीतला मंदिर के सामने दिनदहाड़े युवक की हत्या, इलाके में दहशत
गम्हरिया, 18 जुलाई : बोलियाडीह शीतला मंदिर के सामने शनिवार दोपहर दिनदहाड़े 4-5 अज्ञात लोगों ने एक युवक की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी। घटना दोपहर करीब 1:00 बजे की आसपास बताई जा रही है।
सबसे व्यस्त इलाकों में से एक गम्हरिया बोलियाडीह में हुई इस वारदात को दर्जनों लोगों ने अपनी आंखों से देखा। आरोपी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। भय के कारण मौके पर मौजूद कोई भी व्यक्ति कुछ भी बताने से बचता रहा।
घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। खबर लिखे जाने तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया था।
स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान गम्हरिया निवासी जगन्नाथ गोप उर्फ कोड़ा के रूप में की है। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के लिए छापेमारी कर रही है।
इस सनसनीखेज हत्या के बाद बोलियाडीह और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है।