मालगाड़ी की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक गंभीर, MGM में चल रहा इलाज

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मालगाड़ी की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक गंभीर, MGM में चल रहा इलाज

आदित्यपुर, 10 अगस्त : आरआईटी थाना क्षेत्र के कृष्णापुर-राहरगोड़ा के समीप बीती रात रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान एक युवक मालगाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही RIT थाना की पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए MGM अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घायल युवक की पहचान रांची निवासी गोपाल ठाकुर के पुत्र आकाश कुमार ठाकुर (22) के रूप में हुई है। बताया गया है कि आकाश NIT क्षेत्र में टाइल्स मिस्त्री के रूप में काम करता है।

चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में आकाश के दाहिने पैर और कंधे के पास गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत फिलहाल नाजुक बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

इधर, घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक किस परिस्थिति में रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। हादसे को लेकर रेलवे पुलिस भी आवश्यक जानकारी जुटा रही है।

Share This Article