
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत गृह प्रवेश सह परिसंपत्ति वितरण समारोह आयोजित, उपायुक्त ने लाभुकों को सौंपी घर की चाबी
जमशेदपुर, 17 नवंबर : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड में गृह प्रवेश सह परिसंपत्ति वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त राजीव रंजन, उप विकास आयुक्त एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों और प्रमाण पत्रों का वितरण किया। इस दौरान अबुआ आवास योजना के तहत 10 परिवारों को नए घर की चाबी सौंपकर गृह प्रवेश कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान लावा और लच्छीपुर पंचायत के पांच-पांच, कुल 10 लाभुकों को नवनिर्मित अबुआ आवास में गृह प्रवेश के लिए उपहार के साथ सांकेतिक रूप से घर की चाबी सौंपी गई। वहीं, सात लाभुकों को वृद्धावस्था पेंशन प्रमाण पत्र, दो को जाति प्रमाण पत्र तथा एक लाभुक को आय प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 18 महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। इसके अलावा पांच स्वयं सहायता समूहों को सामुदायिक निवेश निधि (सीसीएल) के तहत ऋण उपलब्ध कराया गया। वहीं, किसानों को कृषि कार्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूं बीज का वितरण किया गया।
इस अवसर पर वीबी-जी राम जी योजना के तहत लावा गांव में संचालित होने वाली दो योजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया गया। इसके साथ ही मनरेगा कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन मेट और पांच श्रमिकों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को आवास, पेंशन, स्वरोजगार, कृषि और आजीविका से जुड़ी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। प्रशासन की ओर से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभुकों तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।



