पुरुलिया में अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल और झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क परियोजनाओं को मिली उम्मीद, सांसद ज्योतिर्मय ने मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

पुरुलिया में अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल और झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क परियोजनाओं को मिली उम्मीद, सांसद ज्योतिर्मय ने मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात

पुरुलिया, 23 जुलाई : पुरुलिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर पुरुलिया जिले की कई महत्वपूर्ण सड़क और परिवहन परियोजनाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। सांसद ने पुरुलिया में आधुनिक अंतरराज्यीय (इंटर स्टेट) बस टर्मिनल (आईएसबीटी) की स्थापना को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जल्द स्वीकृति देने की मांग की।

सांसद ने कहा कि पुरुलिया जिला पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा की सीमा से जुड़ा महत्वपूर्ण क्षेत्र है। हर दिन हजारों लोग शिक्षा, रोजगार, इलाज, व्यापार और पर्यटन के लिए झारखंड, ओडिशा और बिहार की यात्रा करते हैं, लेकिन आधुनिक बस टर्मिनल नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि आईएसबीटी बनने से शहर में जाम की समस्या कम होगी, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, अयोध्या पहाड़ समेत पर्यटन स्थलों को बढ़ावा मिलेगा और पूरे जंगलमहल क्षेत्र में व्यापार तथा रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

बैठक के दौरान सांसद ने चास मोड़ – जॉयपुर – कोटशिला – झालदा – तुलिन -झारखंड सीमा सड़क को फोरलेन बनाने, जॉयपुर और झालदा में बाईपास, फ्लाईओवर एवं रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण, गौशाला मोड़ (पुरुलिया) से रघुनाथपुर होते हुए आसनसोल तक सड़क के चौड़ीकरण, मानबाजार होकर पुरुलिया – झाड़ग्राम सड़क के सुदृढ़ीकरण तथा आदिवासी एवं पिछड़े क्षेत्रों को जोड़ने वाली अन्य प्रमुख सड़कों के विकास की भी मांग की।

सांसद ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से यात्रा का समय कम होगा, माल परिवहन आसान होगा, उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटन का विकास होगा और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि मंत्रालय के नियमों तथा तकनीकी व्यवहार्यता के आधार पर सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।

मुलाकात के बाद सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने कहा कि सड़क संपर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की सबसे मजबूत कड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सहयोग से पुरुलिया और पूरे जंगलमहल क्षेत्र की लंबे समय से लंबित विकास योजनाओं को जल्द गति मिलेगी।

Share This Article