बागबेड़ा में तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को रौंदा, ठेला चालक समेत सभी गंभीर, चालक फरार

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

बागबेड़ा में तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को रौंदा, ठेला चालक समेत सभी गंभीर, चालक फरार

जमशेदपुर, 23 जुलाई : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के डीबी रोड पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार एक अनियंत्रित कार ने सड़क पर चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण सड़क हादसे में एक ठेला चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जेएच-05 ईपी-9444 नंबर की कार तेज गति से आ रही थी। सबसे पहले उसने एक टीवीएस एक्सएल सवार व्यक्ति को जोरदार टक्कर मारी। बताया जा रहा है कि वह अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ठेले पर सो रहे एक ठेला चालक और वहां से गुजर रहे दो अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में लेते हुए आगे बढ़ गई।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद कार में सवार सभी युवक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों का दावा है कि कार किसी स्थानीय व्यक्ति की है। लोगों के अनुसार, कार की तलाशी के दौरान उसमें शराब की कई बोतलें तथा एक कटोरे में रखा मुर्गा मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि कार सवार युवक पार्टी कर लौट रहे थे। हालांकि, पुलिस ने शराब की बोतलों या पार्टी से जुड़े इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार चालक और कार में सवार अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इधर, हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसे लापरवाह चालकों पर सख्ती नहीं की गई तो भविष्य में भी इस तरह के गंभीर हादसे होते रहेंगे।

Share This Article