
गुलेल, गेड़ी दौड़, मटका दौड़ से लेकर तीरंदाजी, हॉकी और फुटबॉल तक नौ खेल विधाओं में दिखेगा खिलाड़ियों का दमखम, 14 से 40 वर्ष तक के युवा ले सकेंगे हिस्सा
जमशेदपुर, 17 नवंबर : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर जिले में पारंपरिक ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण तथा स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन की खेल शाखा की ओर से आयोजित यह दो दिवसीय प्रतियोगिता 20 एवं 21 नवंबर को सुबह आठ बजे से शुरू होगी।
पर्यटन, कला, संस्कृति एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में 14 से 40 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में पारंपरिक खेलों के साथ आधुनिक खेल विधाओं को भी शामिल किया गया है। इसके तहत गुलेल, मटका दौड़, गेड़ी दौड़, भारा दौड़, सेकोर, फुटबॉल, तीरंदाजी, वॉलीबॉल और हॉकी समेत कुल नौ खेल विधाओं में मुकाबले होंगे। इनमें व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।
प्रतियोगिता के लिए जमशेदपुर में तीन आयोजन स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें आर्मरी ग्राउंड, जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और नेवल टाटा हॉकी अकादमी शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने जिले के युवाओं एवं खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7479413570 पर संपर्क किया जा सकता है।
इस आयोजन के जरिए झारखंड की पारंपरिक खेल संस्कृति और जनजातीय विरासत को प्रोत्साहित करने के साथ ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।



