मानगो में तेज हुआ चुनावी जनसंपर्क, मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने घर-घर जाकर मांगा समर्थन

जमशेदपुर, 15 फरवरी : मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। मेयर पद की प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने रविवार को जवाहर नगर, हाईवे क्षेत्र और बालीगुमा में व्यापक डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया। समर्थकों के साथ घर-घर पहुंचकर उन्होंने मतदाताओं से सीधा संवाद किया और विकास के मुद्दों पर चर्चा की।
जनसंपर्क के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने क्षेत्र की समस्याओं—सड़क, पेयजल, साफ-सफाई, जलनिकासी और स्ट्रीट लाइट—को प्राथमिकता से दूर करने की मांग रखी। प्रत्याशी ने आश्वस्त किया कि जनसमस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए मजबूत नेतृत्व और जनसहयोग दोनों आवश्यक हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाएं और भारी मतों से विजयी बनाकर सेवा का अवसर दें।
उन्होंने यह भी कहा कि जनता का विश्वास और समर्थन ही उनकी प्रेरणा है। “आपका आशीर्वाद मिला तो मानगो में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर के निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे,” उन्होंने कहा।
अभियान के दौरान समर्थकों में उत्साह देखा गया और क्षेत्र में चुनावी माहौल पूरी तरह सक्रिय नजर आया। आगामी दिनों में अन्य वार्डों में भी इसी प्रकार का जनसंपर्क अभियान जारी रहेगा।



