डायल 112 के रिस्पॉन्स टाइम में उल्लेखनीय सुधार, अब 10 मिनट से भी कम समय में पहुंच रही मदद

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

डायल 112 के रिस्पॉन्स टाइम में उल्लेखनीय सुधार, अब 10 मिनट से भी कम समय में पहुंच रही मदद

सरायकेला, 31 दिसंबर : आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां पुलिस ने वर्ष 2025 में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम यानी डायल 112 के तहत पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के औसत समय में ऐतिहासिक सुधार दर्ज किया गया है।

डायल 112 : त्वरित सहायता का सशक्त माध्यम

इस आपातकालीन सेवा के माध्यम से नागरिक केवल एक नंबर 112 डायल कर पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं की तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इस प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सरायकेला-खरसावां पुलिस द्वारा निरंतर निगरानी, संसाधनों का बेहतर प्रबंधन और फील्ड यूनिट्स की सक्रियता सुनिश्चित की गई।

रिस्पॉन्स टाइम में अभूतपूर्व सुधार

ERSS की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 की शुरुआत (जनवरी) में जहां जिले का औसत रिस्पॉन्स टाइम लगभग 21 मिनट था, वहीं पुलिस की तत्परता, सतत मॉनिटरिंग और बेहतर समन्वय के चलते नवंबर 2025 तक यह घटकर मात्र 09 मिनट 19 सेकंड रह गया। यह सुधार पुलिस की संवेदनशीलता, जवाबदेही और कार्यप्रणाली में आए सकारात्मक बदलाव को दर्शाता है।

हर सेकंड कीमती

आपातकालीन परिस्थितियों में हर एक सेकंड बेहद महत्वपूर्ण होता है। डायल 112 के रिस्पॉन्स टाइम को लगभग 20 मिनट से घटाकर 9 मिनट से भी कम करना सरायकेला-खरसावां पुलिस टीम की कड़ी मेहनत, बेहतर रणनीति और समर्पण का परिणाम है।

Share This Article