आपकी थाली में जहर! अंडे और मछलियों में मिला अखाद्य रंग, खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में हुआ खुलासा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर में मिलावटखोरी का चौंकाने वाला मामला, रंग मिले अंडे और मछलियां मौके पर कराई गईं नष्ट – दुकानदारों को सख्त चेतावनी

जमशेदपुर, 04 नवंबर : मुनाफे की लालच में लोगों की सेहत से किस कदर खिलवाड़ किया जा रहा है, इसका खुलासा जमशेदपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान हुआ है। शहर में बिक रहे अंडों और मछलियों में हानिकारक एवं अखाद्य रंगों के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए रंग मिले अंडों और मछलियों को नष्ट करवा दिया। इस खुलासे ने खाद्य पदार्थों की शुद्धता और आम लोगों की सेहत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दरअसल, खाद्य पदार्थों में मिलावट और प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में विशेष जांच अभियान शुरू किया है। इसके तहत नामकुम से पहुंची मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम विभिन्न दुकानों एवं खाद्य स्टॉलों पर पहुंचकर खाद्य सामग्रियों की जांच कर रही है।

जांच के दौरान अंडों और मछलियों में अखाद्य रंगों का इस्तेमाल पाए जाने पर अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की। संबंधित खाद्य सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों और खाद्य विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और हानिकारक रंगों का इस्तेमाल लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल चेतावनी के साथ अमानक खाद्य सामग्रियों को नष्ट कराया जा रहा है, लेकिन दोबारा ऐसी गड़बड़ी मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा। विभाग ने जांच अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।

Share This Article