नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 : तृतीय चरण का मतदान दल प्रशिक्षण संपन्न

सामान्य प्रेक्षक एवं अपर उपायुक्त ने किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सरायकेला, 16 फरवरी : नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एन.आर. उच्च विद्यालय, सरायकेला में जिला स्तरीय मतदान दल का तृतीय चरण प्रशिक्षण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में प्रतिनियुक्त पीठासीन पदाधिकारी तथा प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ मतदान पदाधिकारियों ने पार्टीवार भाग लिया। प्रत्येक मतदान दल को अलग-अलग सत्र में बुलाकर संपूर्ण मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान मतदान पेटी के संचालन, सीलिंग प्रक्रिया, आवश्यक प्रपत्रों के संधारण एवं अभिलेखीकरण का व्यवहारिक प्रदर्शन कराया गया। डमी प्रपत्रों को सही तरीके से भरने संबंधी विस्तृत मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। प्रथम एवं द्वितीय चरण में शेष रह गई शंकाओं का समाधान इस तृतीय चरण में सुनिश्चित किया गया।
पीठासीन पदाधिकारी सहित सभी मतदान कर्मियों के कर्तव्य एवं दायित्वों की पुनरावृत्ति करते हुए मतदान पूर्व, मतदान के दौरान तथा मतदान उपरांत बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर सामान्य प्रेक्षक (आदित्यपुर) एवं अपर उपायुक्त सह वरीय पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग श्री जयवर्धन कुमार ने संयुक्त रूप से प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे मतदान कर्मियों से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली तथा प्रशिक्षण व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने निर्देश दिया कि निर्वाचन से संबंधित सभी बिंदुओं की गहन समझ विकसित की जाए और किसी भी प्रकार की शंका का समाधान प्रशिक्षण सत्र के दौरान ही सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्वाचन कार्य को पूर्ण तत्परता, निष्पक्षता एवं ईमानदारी के साथ संपादित करने पर बल दिया गया।



