मानगो में कांग्रेस ने सुधा गुप्ता के पक्ष में झोंकी ताकत

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मानगो में कांग्रेस ने सुधा गुप्ता के पक्ष में झोंकी ताकत

बड़े नेताओं के साथ पदयात्रा, विकास कार्यों को गति देने का किया वादा

जमशेदपुर, 16 फरवरी : मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता का जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। सोमवार को कांग्रेस ने उनके समर्थन में पूरी ताकत झोंक दी। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता सुधा गुप्ता के साथ विभिन्न मोहल्लों में पदयात्रा कर जनता से समर्थन की अपील करते नजर आए।

कांग्रेस के जिला पर्यवेक्षक बलजीत सिंह बेदी, जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, गुरदीप सिंह, जसवंत सिंह जस्सी, गुरुशरण सिंह, रजनीश सिंह, कौशल प्रधान, निधि मिश्रा, लख कुमार, आशुतोष सिंह और शाहिद समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने प्रचार अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। कांग्रेस पहले ही सुधा गुप्ता को समर्थन देने की घोषणा कर चुकी है। वहीं, इंडिया गठबंधन के दलों ने भी उनके पक्ष में समर्थन जताया है।

जनसंपर्क के दौरान सुधा गुप्ता ने अपने चुनाव चिन्ह ‘कारपेट छाप’ पर मुहर लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा मानगो क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी। “मैं विकास की रफ्तार को और तेज करने के लिए चुनाव मैदान में हूं। मानगो की जनता से मेरा भावनात्मक जुड़ाव है,” उन्होंने कहा।

पदयात्रा के क्रम में गौड़ बस्ती, कृष्णानगर, ऋषभ अपार्टमेंट, गुनमय कॉलोनी, मानगो चौक, मून सिटी, गरीब कॉलोनी और ओल्ड पुरुलिया रोड सहित कई इलाकों में प्रचार किया गया। इस दौरान समर्थकों ने ‘सुधा गुप्ता जिंदाबाद’ के नारे लगाए। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर समर्थन का भरोसा दिलाया।

प्रचार अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक शामिल रहे। चुनावी सरगर्मी के बीच कांग्रेस का यह शक्ति प्रदर्शन मानगो नगर निगम चुनाव में अहम माना जा रहा है।

Share This Article