न्यूजीलैंड की महिला ने लिया अनाथ बच्चे को गोद, उपायुक्त ने दत्तक मां को सौंपा बच्चा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 28 अक्टूबर : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की पहल से एक अनाथ बच्चे को नया परिवार और मां का स्नेह मिला है। बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त राजीव रंजन ने विधिसम्मत दत्तक ग्रहण प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्चे को उसकी दत्तक मां को सौंप दिया। न्यूजीलैंड की निवासी महिला एकल अभिभावक के रूप में बच्चे का पालन-पोषण करेंगी।

जानकारी के अनुसार, बच्चे को सोनारी स्थित विशेष दत्तक ग्रहण संस्था में रखा गया था। दत्तक ग्रहण से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताओं और निर्धारित प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद उसे दत्तक मां के सुपुर्द किया गया।

जिला प्रशासन के अनुसार, बच्चों की सुरक्षा, देखभाल, संरक्षण और पुनर्वास सुनिश्चित करने के साथ उनके सर्वोत्तम हितों को प्राथमिकता दी जाती है। अनाथ बच्चों को सुरक्षित और स्नेहपूर्ण पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया पूरी कराई जाती है।

आठ अनाथ बच्चों को मिल चुका है नया परिवार

पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन के मुताबिक, 1 अप्रैल 2026 से अब तक जिले में कुल आठ अनाथ बच्चों को दत्तक परिवारों को सौंपा जा चुका है। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य बच्चों को स्थायी पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराना और उनके बेहतर भविष्य के साथ समुचित विकास के अवसर सुनिश्चित करना है।

Share This Article