JEE टॉपर मुकुल महतो व मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करेगी कपाली वेलफेयर सोसायटी
चांडिल, 09 जून : शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कपाली वेलफेयर सोसायटी द्वारा आगामी 14 जून (रविवार) को भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में JEE Main 2026 में 99.96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कोल्हान का नाम रोशन करने वाले चांडिल प्रखंड के पोदोडीह-झाबरी निवासी मुकुल महतो को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
मुकुल महतो ने JEE Main 2026 में ऑल इंडिया रैंक 620 तथा JEE Advanced 2026 में ऑल इंडिया रैंक 840 हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। इसके अलावा कपाली नगर परिषद क्षेत्र के मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर कपाली के बंधुगोड़ा स्थित हरि मंदिर प्रांगण में कपाली वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष संतोष कुमार महतो की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सोसायटी के सदस्यों के बीच विभिन्न दायित्वों का वितरण किया गया।
अध्यक्ष संतोष कुमार महतो ने बताया कि विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने और उनकी उपलब्धियों को सम्मान देने के उद्देश्य से इस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हैं, बल्कि अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और समाज को शिक्षित एवं सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।