राज्यव्यापी आंदोलन को लेकर त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक 3 को

चांडिल, 01 अगस्त : त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि अपने हक और अधिकार के लिए 5 अगस्त को राजधानी रांची में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन करेंगे। धरना प्रदर्शन को लेकर विधायक क्लब रांची में तैयारी को लेकर संयुक्त बैठक भी हो चुकी है। बैठक में जिला परिषद सदस्य, मुखिया, पंचायत समिति के सदस्य और वार्ड सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मौके पर विभिन्न जिलों के जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, प्रमुख, उप प्रमुख और संघों के अध्यक्ष, सचिव व अन्य पदाधिकारी भी शामिल थे।
झारखंड प्रदेश त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि संघ के आह्वान पर 05 अगस्त को रांची में एक दिवसीय राज्यव्यापी धरना-प्रदर्शन को लेकर सरायकेला खरसावां जिले में भी व्यापक रूप से तैयारी की जा रही है। सरायकेला-खरसावां के जिला परिषद अध्यक्ष का कहना है कि जिला से बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि आंदोलन में शामिल होंगे। इसके लिए सरायकेला-खरसावां जिला के तीनों स्तर जिला परिषद उपाध्याय, सभी जिला परिषद्, प्रमुख, उपप्रमुख, सभी पंचायत समिति सदस्य, मुखिया, सभी वार्ड सदस्यों की बैठक 03 अगस्त रविवार को 10:30 बजे सामुदायिक भवन सरायकेला में रखी गई है। जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा की अध्यक्षता में होने वाली आवश्यक बैठक मैं आंदोलन को सफल बनाने के लिए व्यापक चर्चा की जाएगी। सरायकेला खरसावां जिला मुखिया संघ के अध्यक्ष भीम सिंह मुंडा ने जिले के सभी त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों से बैठक में शामिल होने की अपील की है।


