नीमडीह में जंगली हाथियों का कहर, घर ढहने से गृहस्वामी घायल –

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह में जंगली हाथियों का कहर, घर ढहने से गृहस्वामी घायल –

ग्रामीणों में दहशत का माहौल, वन विभाग पर लापरवाही का आरोप

चांडिल, 19 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार देर रात करीब एक बजे दो जंगली हाथियों ने अर्जुन सिंह सरदार नामक ग्रामीण के मिट्टी से बने घर को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस घटना में अर्जुन सिंह सरदार मलबे के नीचे दबकर घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल मलबे से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय पूरा परिवार घर में सो रहा था। अचानक घर की दीवारें गिरने से भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। अर्जुन सिंह सरदार के अलावा परिवार के अन्य सदस्य किसी तरह घर से बाहर निकलकर जान बचाने में सफल रहे। हाथियों ने घर में रखे चार बोरा धान और चावल भी चट कर गए।

घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज से ग्रामीण पूरी रात जागते रहे। गांव में दहशत का माहौल है और लोग लगातार वन विभाग से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वन विभाग की ओर से हाथियों की निगरानी और रोकथाम को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में चार जंगली हाथियों का एक झुंड सक्रिय है, जो लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में नुकसान पहुँचा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल प्रभाव से प्रभावी सुरक्षा उपायों की मांग की है।

 

Share This Article