गम्हरिया रेलवे स्टेशन पर अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार, 5.4 लीटर विदेशी शराब बरामद

सरायकेला, 7 फरवरी : उत्पाद अधीक्षक सरायकेला के निर्देशानुसार अवैध शराब के विनिर्माण व तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गम्हरिया थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर गम्हरिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के सहयोग से टाटा–कटिहार एक्सप्रेस ट्रेन में सवार एक संदिग्ध यात्री की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान यात्री के नीले रंग के बैग से ऑफिसर चॉइस एलिट व्हिस्की के 30 पाउच टेट्रा पैक (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद किए गए।
बरामद शराब पर “फॉर सेल इन वेस्ट बंगाल” अंकित पाया गया। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 5.4 लीटर बताई गई है। इस मामले में सुमित कुमार, पिता सिकंदर ठाकुर, निवासी जुगसलाई, जिला पूर्वी सिंहभूम को विधिवत हिरासत में लिया गया। उत्पाद विभाग द्वारा अग्रतर कानूनी कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



