सरायकेला सिविल कोर्ट में जागरूकता कार्यक्रम एवं पैनल अधिवक्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला सिविल कोर्ट में जागरूकता कार्यक्रम एवं पैनल अधिवक्ताओं का प्रशिक्षण आयोजित

सरायकेला, 5 अक्टूबर : सिविल कोर्ट, सरायकेला के कॉन्फ्रेंस हॉल में सोमवार को मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम एवं पैनल अधिवक्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, सरायकेला वीरेश कुमार ने की। वहीं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला-खरसावां रामाशंकर सिंह के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का आयोजन सर्वोच्च न्यायालय की मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति (MCPC) के निर्देश पर संचालित “Mediation for the Nation 3.0” अभियान के तहत किया गया। यह अभियान 1 अक्टूबर 2026 से 90 दिनों तक चलेगा। इसका उद्देश्य मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का त्वरित, सौहार्दपूर्ण और आपसी सहमति से समाधान सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में बताया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा सरायकेला एवं चांडिल न्यायमंडल के न्यायालयों के समन्वय से मध्यस्थता के लिए उपयुक्त मामलों की पहचान की जा चुकी है।

प्रधान न्यायाधीश वीरेश कुमार ने मध्यस्थों से अधिक समय और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने मध्यस्थता से संबंधित नियमों एवं प्रावधानों की जानकारी देते हुए समयबद्ध तरीके से मध्यस्थता प्रतिवेदन प्रस्तुत करने पर जोर दिया।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रामाशंकर सिंह ने कहा कि वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों के समाधान में मध्यस्थों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे विवादों का असर पूरे परिवार, विशेषकर बच्चों पर पड़ता है। उन्होंने परिवारों को टूटने से बचाने और विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराने के लिए संवेदनशीलता, धैर्य और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तौसीफ मेराज ने पैनल अधिवक्ताओं से लाभुकों और वादकारियों को गुणवत्तापूर्ण विधिक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में मध्यस्थ एससी हाजरा, रामगोविंद मिश्रा, रिंकू सिन्हा, राजेश बिहारी सहाय, असित सारंगी, नाइकी हेम्ब्रम, पीपी सिंहदेव समेत अन्य मध्यस्थ एवं पैनल अधिवक्ता उपस्थित रहे। इस दौरान मध्यस्थता की प्रक्रिया, अनुभव और विवादों के प्रभावी समाधान को लेकर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।

Share This Article