प्रवासी श्रमिक की मौत के बाद परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग, JSM ने सीएम शुभेंदु अधिकारी को भेजा आवेदन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

प्रवासी श्रमिक की मौत के बाद परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग, JSM ने सीएम शुभेंदु अधिकारी को भेजा आवेदन

पुरुलिया, 5 अक्टूबर : पुरुलिया जिले के बराबाजार प्रखंड अंतर्गत सिंदरी ग्राम पंचायत के अयोध्याडीह गांव निवासी मृत प्रवासी श्रमिक बिरिंचि कर्मकार के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर जंगलमहल स्वराज मोर्चा (JSM) ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री को आवेदन भेजा है। संगठन की ओर से पुरुलिया जिलाधिकारी के माध्यम से यह लिखित आवेदन दिया गया।

परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, करीब 43 वर्षीय बिरिंचि कर्मकार स्वर्गीय साधुचरण कर्मकार के पुत्र थे। वे पिछले करीब 15 वर्षों से आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित गाजुवाका ऑटो नगर में प्रवासी श्रमिक के रूप में काम कर रहे थे। परिवार के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को स्ट्रोक के कारण उनकी मृत्यु हो गई।

बिरिंचि कर्मकार की मौत के बाद उनकी पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार के अनुसार, वे परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। वहीं, जानकारी के मुताबिक उनका नाम पश्चिम बंगाल सरकार की प्रवासी श्रमिक कल्याण योजना में पंजीकृत नहीं था।

JSM ने मुख्यमंत्री से मानवीय आधार पर अथवा लागू सरकारी कल्याण एवं राहत योजनाओं के तहत परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। साथ ही जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मामले की उचित जांच कर परिवार को सभी पात्र सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जल्द उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

JSM केंद्रीय समिति के सदस्य अरित्र माहातो ने कहा कि प्रवासी श्रमिक परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य होते हैं। ऐसे में उनकी अचानक मृत्यु के बाद परिवार को समय पर सरकारी सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संगठन प्रवासी श्रमिकों के अधिकारों और जंगलमहल क्षेत्र के लोगों के सामाजिक-आर्थिक कल्याण से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाता रहेगा।

Share This Article