सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा, लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा, लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश

सरायकेला, 09 जून : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना तथा स्पॉन्सरशिप योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित आवेदनों, लाभुक सत्यापन और सहायता राशि भुगतान की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लंबित आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने स्वीकृत लाभुकों को सहायता राशि का नियमित एवं समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
स्पॉन्सरशिप योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों का विभागीय प्रावधानों के अनुरूप निष्पादन कर पात्र बच्चों को योजना से जोड़ने तथा उन्हें नियमित सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित मामलों के निष्पादन में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लंबित लाभुक सत्यापन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सत्यापन प्रक्रिया में आने वाली तकनीकी या अन्य बाधाओं की सूचना तत्काल विभाग को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनका समयबद्ध समाधान कर सत्यापन कार्य पूरा किया जा सके।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित रूप से पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा निवेदिता राय, सभी सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिकाएं तथा सामाजिक सुरक्षा एवं समाज कल्याण विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article