राताई गांव में डायरिया का प्रकोप, आठ ग्रामीण पीड़ित — स्वास्थ्य विभाग ने संभाला मोर्चा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

राताई गांव में डायरिया का प्रकोप, आठ ग्रामीण पीड़ित — स्वास्थ्य विभाग ने संभाला मोर्चा

प्रतिनिधि, ManbhumUpdates.com

चांडिल/ ईचागढ़, 19 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड में डायरिया का संक्रमण लगातार फैलता जा रहा है। लावा, रांगाडीह और बड़ा आमडा गांव के बाद अब राताई गांव भी इसकी चपेट में आ गया है। यहां पिछले दो दिनों में डायरिया के चलते आठ लोग बीमार पड़ गए हैं।

बीमारी की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम राताई गांव पहुंची और पीड़ितों का इलाज शुरू किया। टीम ने प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराईं। साथ ही गांव के कुओं व जलस्रोतों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कर संक्रमण को फैलने से रोकने का प्रयास किया गया।

ईचागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. जगन्नाथ हेंब्रम ने बताया कि गांव की स्थिति वर्तमान में नियंत्रण में है और किसी तरह की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को साफ-सफाई और खानपान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि 10 जुलाई को डायरिया से रांगाडीह गांव में एक आठ वर्षीय बालक लखन मार्डी की मौत हो चुकी है, जिसके बाद प्रखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे खेतों में मृत मछलियों का सेवन न करें और साफ पानी का ही उपयोग करें।

 

 

Share This Article