आदित्यपुर वार्ड-1 में हाईमास्ट लाइट और वन भूमि की खरीद-बिक्री पर विवाद, पार्षद ने डीसी-डीएफओ से की शिकायत

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आदित्यपुर, 10 सितंबर : आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-1 अंतर्गत मौजा भुरकाडीह में वन विभाग की भूमि पर हाईमास्ट लाइट लगाए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। वार्ड पार्षद वनमाली दास के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उपायुक्त सरायकेला-खरसावां को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की भूमि पर बिना ग्राम सभा की अनुमति और स्थानीय लोगों की सहमति के हाईमास्ट लाइट लगाने का कार्य कराया जा रहा है। पार्षद वनमाली दास ने आरोप लगाया कि नगर निगम के मेयर, संवेदक और स्थानीय गणेश सरदार की कथित मिलीभगत से यह कार्य कराया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पार्षद का कहना है कि जिस स्थल पर हाईमास्ट लाइट लगाई जा रही है, वह वन विभाग की सरकारी भूमि है। आरोप लगाया गया कि उक्त भूमि की खरीद-बिक्री और कब्जे के लिए विकास कार्य का सहारा लिया जा रहा है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उन्हें विकास कार्य से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उनका कहना है कि हाईमास्ट लाइट नियमानुसार ग्राम सभा से प्रस्ताव पारित कराने के बाद उचित सार्वजनिक स्थल पर लगाई जाए।

ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कर वन भूमि की स्थिति स्पष्ट करने और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि डीएफओ सरायकेला, एसपी, एसडीपीओ, आदित्यपुर थाना प्रभारी और गम्हरिया अंचल अधिकारी को भी भेजी गई है।

इस दौरान दिलु मुर्मू, विजय सरदार, बुधेश्वर माझी, बुधेश्वर सरदार, फूलचंद सरदार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Share This Article