कच्चा मकान गिरने से मा-बेटे समेत तीन की मौत, आफत की बारिश से लोग भयभीत

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

कच्चा मकान गिरने से मा-बेटे समेत तीन की मौत, आफत की बारिश से लोग भयभीत

चांडिल, 23 अगस्त : लगातार हो रही बारिश का सरायकेला-खरसावां जिला में प्रतिकुल प्रभाव पड़ने लगा है। जिले के राजनगर और खरसावां प्रखंड क्षेत्र में बारिश के कारण मिट्टी का घर गिरने के कारण दो बच्चे समेत कुल तीन लोगों की मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार राजनगर प्रखंड क्षेत्र के डांडू गांव में लगातार हो रही बारिश के कारण शुक्रवार की देर शाम मिट्टी का एक मकान गिर गया। मकान के गिरने के कारण उसके मलवे में दबकर शांति लोहर और उसके सात वर्षीय बेटा अरविंद लोहार की मौके पर मृत्यु हो गई। मलवे में दबकर परिवार के अन्य सदस्य घायक हो गए, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर किया गया है।

खरसावां में मकान के मलवे में दबा बच्चा

मिली जानकारी के अनुसार दूसरी घटना शनिवार की अहले सुबह करीब चार बजे खरसावां प्रखंड के कोल शिमला गांव में मिट्टी का एक घर गिर गया। घर गिरने के कारण घर के मलवे में गृहस्वामी मुन्ना बोदरा, उसकी पत्नी अनुष्का बोदरा, पांच वर्षीय पुत्र बजार बोदरा और ढाई साल की बेटी गुरुवारी बोदरा दब गए। स्थानीय लोगों ने मलवा हटाकर सभी काे बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेजा। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मुन्ना बोदरा के पुत्र बजाय बोदरा को मृत घोषित कर दिया। आफत की बारिश के कारण लोग अब भयभीत हैं। कच्चे मकानों में रहने वाले लोग बारिश के बीच दहशत में रात गुजारने पर विवश हो रहे हैं।

चार दिनों तक बारिश होने की संभावना

झारखंड के विभिन्न जिलों में अगले चार दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कोल्हान के तीनों जिलों में शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं तीनों जिलों में 27 अगस्त तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान होने वाली बारिश के कारण लोगों को सतर्कता बरतने की अपील की गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण एक जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं लोगों को बारिश के कारण नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। बारिश के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना दुभर हो गया है। वहीं बाजार के दुकानों में खरीदारों के नहीं पहुंचने के कारण दुकानदारों को भी नुकसान हो रहा है।

Share This Article