चांडिल : आसनबनी में जांताल पूजा स्थल पर शुद्धिकरण अनुष्ठान को लेकर विवाद, ग्रामीणों ने थाना में की शिकायत – शुद्धिकरण अनुष्ठान पर रोक लगाने की मांग

चांडिल, 23 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत आसनबनी ग्राम के जांताल पूजा स्थल पर आगामी 24 अगस्त को आयोजित होने वाले शुद्धिकरण अनुष्ठान लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामवासियों ने इसे अवैध बताते हुए पुलिस प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें समाचार पत्रों के माध्यम से यह जानकारी मिली कि कुछ लोग सामूहिक शुद्धिकरण अनुष्ठान आयोजित करने वाले हैं, जबकि इस संबंध में ग्रामसभा या ग्रामीणों से कोई अनुमति नहीं ली गई। ग्रामीणों का कहना है कि जांताल पूजा स्थल सदियों पुराना सामुदायिक स्थल है, जिसका उपयोग किसी भी एक पक्ष या परिवार द्वारा अपने हित में नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने एक शिकायत दर्ज कराया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि 20 अगस्त को आसनबनी पंचायत भवन में इस विषय पर ग्रामप्रधान प्रबोध उरांव की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक हुई। बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि किसी भी प्रकार का शुद्धिकरण अनुष्ठान जबरन नहीं होने दिया जाएगा। उनका कहना है कि इस तरह के आयोजन से गांव में तनाव, आपसी वैमनस्य और सामाजिक सद्भाव बिगड़ने का खतरा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बाहरी लोग शुद्धिकरण के नाम पर पूजा स्थल की जमीन पर कब्जे की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे स्थानीय परंपरा और सामाजिक एकजुटता पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
ग्रामवासियों ने चांडिल पुलिस को लिखित आवेदन सौंपकर मांग की है कि 24 अगस्त को प्रस्तावित कार्यक्रम को रोका जाए और इस आयोजन से जुड़े लोगों पर उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही, भविष्य में इस तरह के विवादित कार्यक्रमों पर रोक लगाने का आग्रह किया गया है ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द कायम रहे। आवेदन में ग्रामप्रधान प्रबोध उरांव, दिलीप महतो, फकीर चंद्र मांझी, बुद्धेश्वर मांझी सहित अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। वहीं, आवेदन की प्रतिलिपि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपी गई है।


