साप्ताहिक जनता दरबार में उठीं जिलेभर की समस्याएँ, उपायुक्त ने दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश

सरायकेला, 02 सितंबर : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएँ और मांगें उपायुक्त के समक्ष रखीं।
उपायुक्त ने सभी प्राप्त आवेदनों को विधिवत दर्ज कर संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को हस्तांतरित किया और निर्देश दिया कि सभी मामलों का नियमानुसार और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जनता दरबार में प्रमुख रूप से गम्हरिया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 की महिलाओं ने मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन का अवरोध, चांडिल अंचल के कपाली क्षेत्र में भूमि सीमांकन एवं म्यूटेशन से जुड़ी समस्या, गम्हरिया प्रखंड के पंचायतों में आयुष्मान भारत योजना से वंचित लोगों को जोड़ने हेतु विशेष शिविर आयोजित करने की मांग रखी गई।
साथ ही थाना गम्हरिया अंतर्गत घोड़ा बाबा जाहेर स्थान (बोड़ाम) के दूसरे चरण में सौंदर्यीकरण कार्य शीघ्र शुरू करने, तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय सानदावना, सरायकेला में भवन, खेल मैदान और शौचालय निर्माण को लेकर भी आवेदन प्राप्त हुए।
जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों और मांगों का गंभीरता से संज्ञान लिया गया है और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।



