चांडिल : डिवाइन पावर पर भूमि अतिक्रमण के गंभीर आरोप, जनसुनवाई में वन विभाग की अनुपस्थिति ने खड़े किए सवाल

चांडिल, 02 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत पालगम स्थित डिवाइन पावर लिमिटेड की विस्तारीकरण योजना और कैप्टिव ऊर्जा संयंत्र स्थापना को लेकर मंगलवार को झारखंड प्रदूषण नियंत्रण पार्षद की ओर से जनसुनवाई आयोजित की गई। ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी चिंताएं रखीं, लेकिन इस जनसुनवाई में वन विभाग के किसी भी पदाधिकारी की अनुपस्थिति ने पूरे आयोजन की गंभीरता पर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए।

कंपनी पर अतिक्रमण के आरोप
यह मुद्दा प्रमुखता से चर्चाओं में है कि डिवाइन ग्रुप की विभिन्न कंपनियों पर सरकारी और वनभूमि अतिक्रमण के गंभीर आरोप हैं। डिवाइन ग्रुप ऑफ कंपनी प्राइवेट लिमिटेड पर पालगम और तिरूलडीह में सरकारी जमीन कब्जाने का आरोप है। वहीं डिवाइन एलाईज एंड पावर कंपनी लिमिटेड पर तुलग्राम में 1.62 हेक्टेयर वनभूमि अतिक्रमण का मामला दर्ज है। जूही ग्लास इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तिरूलडीह पीएफ में 14.70 हेक्टेयर वनभूमि कब्जा, जिसका मामला झारखंड उच्च न्यायालय में (WP (C) 6308/2006) लंबित है।

कंपनी प्रबंधन ने दिलाया भरोसा
दूसरी ओर कंपनी प्रबंधन ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वह स्पंज आयरन प्लांट स्थापित नहीं करेगी और विस्तार योजना के तहत स्थानीय युवाओं को रोजगार तथा CSR फंड से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी सुविधाओं का विकास करेगी। मौके पर अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार और प्रदूषण नियंत्रण पार्षद के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों की बातें सुनीं और कहा कि कंपनी द्वारा किए गए वादों पर अमल सुनिश्चित कराया जाएगा।



