गोड्डा में डायन बिसाही के शक में तिहरा हत्याकांड, एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या

रांची, 17 मार्च : गोड्डा जिले के देवदांड गांव में मंगलवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां डायन बिसाही के शक में एक ही परिवार के तीन लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने अंधविश्वास के चलते परिवार को निशाना बनाया और घर में घुसकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला डायन बिसाही से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है।



