भुइयांडीह सब्जी बाजार में तेज रफ्तार ट्रक का कहर, विक्रेता को 30 फीट तक घसीटा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

भुइयांडीह सब्जी बाजार में तेज रफ्तार ट्रक का कहर, विक्रेता को 30 फीट तक घसीटा

तमाड़, 17 मार्च : तमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर भुइयांडीह स्थित सब्जी बाजार में मंगलवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कहर बरपा दिया। सड़क किनारे खड़े सब्जी विक्रेताओं को टक्कर मारते हुए ट्रक ने एक व्यक्ति को करीब 30 फीट तक घसीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, तमाड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी एक सब्जी विक्रेता मोटरसाइकिल से टमाटर बेचने भुइयांडीह बाजार पहुंचा था। वह सड़क किनारे अन्य विक्रेता के साथ सब्जियों का मोलभाव कर रहा था, तभी अचानक तेज गति से आ रहे ट्रक ने नियंत्रण खोते हुए दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार विक्रेता को ट्रक दूर तक घसीटता ले गया, जिससे उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन और चालक को अपने कब्जे में लेकर थाना भेज दिया।

घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, इस हादसे में दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article