नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी से मिले आजसू नेता हरेलाल महतो, ईचागढ़ की समस्याओं और विकास योजनाओं पर हुई चर्चा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी से मिले आजसू नेता हरेलाल महतो, ईचागढ़ की समस्याओं और विकास योजनाओं पर हुई चर्चा

रांची, 19 जून : झारखंड से राज्यसभा के लिए नवनिर्वाचित सांसद परिमल नाथवानी से शुक्रवार को आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय समाजसेवी हरेलाल महतो ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने श्री नाथवानी को राज्यसभा चुनाव में विजय की बधाई देते हुए उनके सफल और जनोन्मुखी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के दौरान हरेलाल महतो ने राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा झारखंड की समृद्ध कला, संस्कृति और परंपरा को दर्शाती एक स्मृति-चित्र भेंट की। दोनों नेताओं के बीच राज्य के विकास, जनहित के मुद्दों और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

इस अवसर पर हरेलाल महतो ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं, आधारभूत संरचना की जरूरतों तथा विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को सांसद के समक्ष प्रमुखता से रखा। उन्होंने क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं रोजगार से संबंधित आवश्यकताओं की जानकारी देते हुए इन विषयों पर सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई।

हरेलाल महतो ने राज्यसभा सांसद को ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और जनभावनाओं से भी अवगत कराया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि परिमल नाथवानी अपने अनुभव और सक्रिय भूमिका के माध्यम से झारखंड के विकास एवं जनहित के मुद्दों को संसद में प्रभावी ढंग से उठाएंगे।

मुलाकात के बाद हरेलाल महतो ने कहा कि परिमल नाथवानी एक सरल, सहज और व्यवहारिक व्यक्तित्व के धनी हैं। उनके साथ हुई बातचीत बेहद सकारात्मक और सार्थक रही। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यसभा में उनका कार्यकाल झारखंड के विकास और जनता की आकांक्षाओं को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

यह मुलाकात राजनीतिक शिष्टाचार के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास और जनहित के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Share This Article