जमशेदपुर : कैनरा बैंक लूट के अगले दिन ज्वेलरी दुकान में चोरी, वेंटिलेटर काटकर लाखों के आभूषण ले गए चोर
जमशेदपुर, 25 सितंबर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए आरती ज्वेलर्स को निशाना बनाया। देर रात चोरों ने दुकान के वेंटिलेटर को काटकर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि इसी इलाके में करीब 100 मीटर की दूरी पर एक दिन पहले ही कैनरा बैंक में दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात हुई थी। बैंक लूट के अगले ही दिन ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना सामने आने से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के अलावा आसपास के इलाकों में लगे कैमरों के फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं। फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छानबीन कर रही है।
लगातार दो दिनों में एक ही इलाके में बैंक लूट और ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना सामने आने से स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों में चिंता देखी जा रही है। उनका कहना है कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से कारोबारियों के साथ आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ी है।
फिलहाल चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत और वारदात में शामिल अपराधियों की संख्या को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।



