सरायकेला पुलिस का ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ बना लोगों की मुस्कान का कारण
सरायकेला, 25 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी और गुम हुए 103 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंपे गए।
आरआईटी थाना परिसर में आयोजित मोबाइल वितरण कार्यक्रम में महीनों बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद तक छोड़ दी थी। मोबाइल मिलने के बाद उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी और आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि सितंबर माह में जिला पुलिस की तकनीकी शाखा और सभी थानों के समन्वय से कुल 103 मोबाइल फोन को ट्रैक कर बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों में भी अभियान चलाकर गुम और चोरी हुए मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए गए हैं। इस बार रिकॉर्ड संख्या में मोबाइल बरामद किए गए हैं और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
एसपी ने कहा कि चोरी या गुम हुए मोबाइल का इस्तेमाल साइबर ठगी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता है। ऐसे में मोबाइल की जल्द बरामदगी और उसे ब्लॉक करना साइबर अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल भारत सरकार के CEIR पोर्टल या संचार साथी ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। इससे मोबाइल को ब्लॉक करने के साथ उसे ट्रैक करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।



