चांडिल अनुमंडल में आंधी-तूफान का कहर, बिजली व्यवस्था ठप, कई मकानों को नुकसान

Manbhum Updates
2 Min Read

चांडिल अनुमंडल में आंधी-तूफान का कहर, बिजली व्यवस्था ठप, कई मकानों को नुकसान


चांडिल, 29 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में बुधवार अहले सुबह आए तेज आंधी-तूफान, मेघ गर्जन और बिजली की कड़कड़ाहट ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तूफान का असर इतना व्यापक रहा कि एक ओर जहां कई मकानों को नुकसान पहुंचा, वहीं दूसरी ओर पूरे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था घंटों ठप रही।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात से ही बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी, जो करीब दोपहर 2 बजे जाकर बहाल हो सकी। दिनभर बिजली नहीं रहने के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं से लेकर दैनिक कार्यों पर निकलने वाले लोगों तक, सभी को असुविधा झेलनी पड़ी।
बताया जा रहा है कि चांडिल गोल चक्कर के समीप बिजली का केबल तार क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके कारण आपूर्ति बाधित हुई। बिजली विभाग के कर्मियों ने पूरे दिन कड़ी मशक्कत के बाद खराबी को दुरुस्त किया, जिसके बाद चौका और चांडिल क्षेत्र में बिजली सेवा बहाल की जा सकी।
इधर, तेज आंधी-तूफान ने ग्रामीण इलाकों में भी भारी नुकसान पहुंचाया है। कुकड़ू प्रखंड के पारगामा गांव में कई एस्बेस्टस मकानों के छप्पर उड़ गए, जबकि कई घरों की छतों में छेद हो गए। अचानक आई इस आपदा से ग्रामीणों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
वहीं, नीमडीह प्रखंड के मुरु और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवा के कारण कई बिजली के पोल गिर गए, जिससे वहां अब भी बिजली आपूर्ति बाधित है।
पीड़ित ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। फिलहाल, प्रशासन और बिजली विभाग स्थिति को सामान्य करने में जुटे हुए हैं।

Share This Article