कई वाहनों को टक्कर मारकर भाग रही कार को पुलिस ने पकड़ा, दो युवक और दो युवतियां हिरासत में

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कई वाहनों को टक्कर मारकर भाग रही कार को पुलिस ने पकड़ा, दो युवक और दो युवतियां हिरासत में

जमशेदपुर, 30 सितंबर : सितारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह बस स्टैंड के पास मंगलवार रात कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद भाग रही लाल रंग की कार को पुलिस ने पीछा कर रोक लिया। पुलिस ने कार में सवार दो युवकों और दो युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लाल रंग की कार ने रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मारी और चालक कार लेकर मौके से आगे निकल गया। घटना की सूचना मिलने के बाद सितारामडेरा थाना की PCR टीम सक्रिय हुई और कार का पीछा शुरू किया। पुलिस ने भुइयांडी बस स्टैंड से बागुनहातु चौक की ओर भाग रही कार को टीमकेन कंपनी के पास रोक लिया। इसके बाद कार में सवार चारों लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, कार की तलाशी के दौरान शराब की बोतलें, बेसबॉल बैट और सिगरेट के खाली पैकेट बरामद किए गए हैं। टक्कर के कारण कार को भी काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, फिलहाल किसी व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार सवारों की उम्र कम होने की बात कही है। कुछ लोगों ने उनके नाबालिग होने की आशंका भी जताई है, लेकिन पुलिस की ओर से अभी उनकी उम्र और पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि कार ने रास्ते में किन-किन वाहनों को टक्कर मारी, घटना के समय कार कौन चला रहा था और कार की रफ्तार कितनी थी। पुलिस की जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article