चक्रधरपुर रेल मंडल में बड़ा हादसा टला, इतवारी एक्सप्रेस ट्रेन ट्रैक पर रखे पत्थरों से बाल-बाल बची

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चक्रधरपुर रेल मंडल में बड़ा हादसा टला, इतवारी एक्सप्रेस ट्रेन ट्रैक पर रखे पत्थरों से बाल-बाल बची

चाईबासा, 11 अगस्त : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में रविवार की रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया। सोनुवा और टुनिया स्टेशन के बीच इतवारी एक्सप्रेस के सामने रेलवे ट्रैक पर पत्थर रखे होने की घटना सामने आई, जिससे ट्रेन अनियंत्रित होने की स्थिति में पहुंच गई।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन के लोको पायलट ने समय रहते खतरे को भांपते हुए तत्काल ब्रेक लगाए और सोनुवा स्टेशन को इसकी सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल प्रशासन ने इस खंड पर ट्रेनों का परिचालन तुरंत रोक दिया। मौके पर पहुंची रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और तकनीकी टीम ने जांच में पाया कि तीनों ट्रैक पर पत्थर रखे गए थे।

जांच में यह भी सामने आया कि ट्रेन के गुजरने के दौरान ट्रैक पर पत्थरों के रगड़ के निशान मिले, जो इस बात का संकेत हैं कि मामूली चूक भी बड़ा हादसा करा सकती थी। फिलहाल, मामले की जांच जारी है और इस खंड में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कृत्यों को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share This Article