पानी विवाद पर डिप्टी मेयर अंकुर सिंह की सफाई, बोले – निजी खर्च से वर्षों से कर रहा हूं जलापूर्ति

Manbhum Updates
3 Min Read

पानी विवाद पर डिप्टी मेयर अंकुर सिंह की सफाई, बोले – निजी खर्च से वर्षों से कर रहा हूं जलापूर्ति

आदित्यपुर, 27 मई : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में जल संकट और कथित रूप से सरकारी पाइपलाइन से निजी सोसायटी तक पानी पहुंचाने के आरोपों को लेकर पिछले दिनों प्रसारित खबर के बाद अब नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने अपनी सफाई दी है। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर संपर्क कर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं किया है और न ही वीडियो उपलब्ध कराया है, जिसके कारण हम अपने यूट्यूब चैनल पर उनका बयान प्रसारित नहीं कर पा रहे हैं।

सोशल मीडिया और अन्य मीडिया के माध्यम से सामने आए उनके बयान में अंकुर सिंह ने कहा है कि आदित्यपुर नगर निगम के पास इतने पर्याप्त टैंकर उपलब्ध नहीं हैं कि सभी प्रभावित क्षेत्रों तक नियमित रूप से पानी पहुंचाया जा सके। ऐसी स्थिति में वे अपने निजी संसाधनों और निजी खर्च से टैंकरों के माध्यम से लोगों तक पानी उपलब्ध करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह कोई नया कार्य नहीं है, बल्कि वे पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद इलाकों में निजी टैंकरों के जरिए जलापूर्ति करते आ रहे हैं। अंकुर सिंह के अनुसार, वर्तमान में कुछ राजनीतिक विरोधियों द्वारा इस मुद्दे को गलत तरीके से पेश कर विवाद खड़ा किया जा रहा है।
डिप्टी मेयर ने यह भी कहा कि हाउसिंग बोर्ड समेत कई फ्लैटों और आवासीय परिसरों में बोरिंग फेल हो जाने के कारण जल संकट की स्थिति उत्पन्न हुई है। इसी समस्या को देखते हुए उनके द्वारा निजी टैंकरों से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि लोगों को राहत मिल सके।
गौरतलब है कि विगत दिनों नगर निगम की जलापूर्ति पाइपलाइन से निजी टैंकरों के माध्यम से कथित तौर पर भगवती एन्क्लेव सोसायटी तक पानी पहुंचाने को लेकर सवाल उठे थे। मामले में हितों के टकराव, सरकारी संसाधनों के उपयोग तथा आम जनता की जलापूर्ति प्रभावित होने जैसे आरोप लगाए गए थे।
हालांकि अब डिप्टी मेयर की सफाई सामने आने के बाद इस पूरे मामले में नई बहस शुरू हो गई है। एक पक्ष इसे जनसेवा बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग पर कायम है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि क्या नगर निगम प्रशासन इस विवाद को लेकर कोई आधिकारिक स्थिति स्पष्ट करेगा और क्या जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर उठे सवालों की जांच होगी या नहीं।

Share This Article