लैंड स्कैम केस के आरोपी आईएएस छवि रंजन को लेकर आया बड़ा अपडेट, पढ़ें पूरी खबर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

लैंड स्कैम केस के आरोपी आईएएस छवि रंजन को लेकर आया बड़ा अपडेट, पढ़ें पूरी खबर

रांची, 11 अगस्त : रांची की बहुचर्चित ज़मीन घोटाला मामले में जेल में बंद पूर्व उपायुक्त छवि रंजन (आईएएस) ने अब ज़मानत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े इस मामले में उनकी जमानत अर्जी पहले विशेष PMLA कोर्ट और बाद में झारखंड हाईकोर्ट, दोनों जगह से खारिज हो चुकी है।

हाल ही में 6 अगस्त को हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की बेंच ने छवि रंजन की याचिका पर सुनवाई करते हुए राहत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उन्होंने शीर्ष अदालत में अपील दायर कर दी है।

छवि रंजन जिस प्रकरण में फंसे हैं, वह बड़गाईं अंचल के बरियातु स्थित सेना की अधिग्रहित भूमि की कथित अवैध बिक्री से जुड़ा है। आरोप है कि इस जमीन को फर्जी दस्तावेज़ों के सहारे बेचने की साज़िश में वे भी शामिल थे।

इस केस में कई और चर्चित नाम भी आरोपी हैं—जिनमें कारोबारी विष्णु अग्रवाल, बड़गाईं अंचल के राजस्व उप-निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद, कथित फर्जी रैयत प्रदीप बागची, जमीन कारोबारी अफसर अली, इम्तियाज खान, तल्हा खान, फैयाज खान, मोहम्मद सद्दाम, अमित अग्रवाल और दिलीप घोष शामिल हैं।

गौरतलब है कि इसी मामले में आरोपी अमित अग्रवाल को हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से ज़मानत मिल चुकी है, जिससे अब छवि रंजन की अपील पर भी निगाहें टिकी हैं।

Share This Article