सोनाहातु में गूंज महोत्सव का भव्य समापन, राज्यपाल ने किया विनोद बिहारी महतो की प्रतिमा का लोकार्पण

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

सोनाहातु में गूंज महोत्सव का भव्य समापन, राज्यपाल ने किया विनोद बिहारी महतो की प्रतिमा का लोकार्पण

रांची, 20 दिसंबर : जिले के सोनाहातु में आयोजित तीन दिवसीय गूंज महोत्सव का रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने झारखंड आंदोलन के प्रणेता एवं पूर्व सांसद स्व. विनोद बिहारी महतो की 9 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि गूंज महोत्सव झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बन चुका है, जो विविधता में एकता का संदेश देता है।

राज्यपाल ने कहा कि विनोद बिहारी महतो झारखंड के संघर्ष, सामाजिक चेतना और स्वाभिमान के प्रतीक थे। उनका योगदान झारखंड के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को संघर्ष, सम्मान और सामाजिक दायित्व का बोध कराती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और महापुरुषों व शहीदों को सम्मान देने की परंपरा और सशक्त हुई है।

विशिष्ट अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि गूंज महोत्सव समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य कर रहा है। यह महोत्सव युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है। उन्होंने सुदेश महतो को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि बीते 30 वर्षों से गूंज महोत्सव के माध्यम से संस्कृति और सामाजिक समरसता को मजबूती मिल रही है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं गूंज परिवार के संरक्षक सुदेश महतो ने स्वागत भाषण में कहा कि राज्यपाल का आगमन पंचपरगना क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। गूंज महोत्सव सेवा, सम्मान और सांस्कृतिक समागम के मूल्यों के साथ समाज को जोड़ने का कार्य करता है।

महोत्सव में 500 नगाड़ों से राज्यपाल का भव्य स्वागत किया गया। सैकड़ों कलाकारों ने संयुक्त छऊ नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। किसानों, खिलाड़ियों और कलाकारों को सम्मानित किया गया, वहीं शहीदों के परिजनों का अभिनंदन किया गया। कृषि प्रदर्शनी और चिकित्सा शिविर भी आयोजन का आकर्षण रहे। गूंज परिवार की ओर से अतिथियों को छऊ का प्रतीक भेंट किया गया, जबकि केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने गूंज परिवार को एम्बुलेंस उपलब्ध कराई।

Share This Article