चौका में दर्दनाक सड़क हादसा : खड़े ट्रेलर से टकराया टैंकर, चालक की मौत, खलासी घायल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चौका में दर्दनाक सड़क हादसा : खड़े ट्रेलर से टकराया टैंकर, चालक की मौत, खलासी घायल

चांडिल, 19 जुलाई : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े वाहनों की वजह से हो रही सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-टाटा मुख्य मार्ग पर पोड़का कटिंग के पास का है, जहां शुक्रवार की मध्यरात्रि लगभग एक बजे एक खाली तेल टैंकर ने सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टैंकर चालक की मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक चालक की पहचान तिरुलडीह थाना क्षेत्र के गुंदलीडीह निवासी 35 वर्षीय मो० रमजान के रूप में हुई है। वहीं, घायल खलासी की पहचान तिरुलडीह के ही रहने वाले बबलू बाबुल के रूप में की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेलर का डीजल खत्म हो जाने के कारण वह सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे खाली तेल टैंकर ने अनियंत्रित होकर उसमें टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टैंकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व खलासी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही चौका पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें टीएमएच रेफर किया गया। इलाज के दौरान मो० रमजान की मौत हो गई, जबकि बबलू बाबुल को प्राथमिक उपचार के बाद शनिवार को छुट्टी दे दी गई।

इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव गुंदलीडीह में मातम का माहौल छा गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि वर्ष 2025 में अब तक चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 35 लोगों की जान जा चुकी है, जो क्षेत्र में सड़क सुरक्षा की चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है।

Share This Article