सरायकेला में भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित
सरायकेला, 09 जून : भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को सरायकेला के बिरसा चौक एवं समाहरणालय परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह तथा अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने अन्य अधिकारियों के साथ भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जल, जंगल और जमीन की रक्षा, आदिवासी अस्मिता, सामाजिक न्याय तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के महान प्रतीक थे। उन्होंने शोषण और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समाज को आत्मसम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज के सभी वर्गों के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
श्रद्धांजलि सभा में कहा गया कि बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, संघर्ष, जनजागरण और सामाजिक चेतना का अद्वितीय उदाहरण है। प्रकृति संरक्षण, सामाजिक समरसता तथा वंचित एवं कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके आदर्श वर्तमान पीढ़ी को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराते हैं तथा समावेशी विकास की दिशा में प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।