आंगनबाड़ी सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, उपायुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आंगनबाड़ी सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, उपायुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश

सरायकेला, 09 जून : उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली, पोषण सेवाओं, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) गतिविधियों तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (सीडीपीओ) एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर आधारभूत सुविधाओं, पोषाहार, स्वच्छता, पेयजल एवं शिक्षा गतिविधियों की निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों की पहचान कर आवश्यकता अनुसार उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र (एमटीसी) में भर्ती कराने तथा गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

बैठक में सभी केंद्रों पर नियमित वीएचएसएनडी आयोजन, बच्चों के टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच एवं वजन मापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा देने तथा सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।

समीक्षा के दौरान निजी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि चिन्हित कर स्थायी भवन निर्माण का प्रस्ताव भेजने तथा जर्जर केंद्रों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर भी जोर दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article